सीएम ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष चटर्जी के निधन पर जताया शोक, कहा- भारतीय राजनीति के लिए बड़ा नुकसान

भोपाल। लोकसभा के पूर्व स्पीकर सोमनाथ चटर्जी का सोमवार की सुबह निधन हो गया। वह 89 साल के थे। अपने राजनीतिक जीवन में 10 बार सांसद रहे चटर्जी के निधन के बाद मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी है। सीएम ने चटर्जी के निधन को भारतीय राजनीति के लिए बड़ा नुकसान बताया है।
सीएम शिवराज ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि, पूर्व लोकसभा स्पीकर और अनुभवी सांसद सोमनाथ चटर्जी का निधन भारतीय राजनीति के लिए एक बड़ा नुकसान है। मुझे लोकसभा के सदस्य के रूप में उनके साथ काम करने का सम्मान मिला और उन्हें इमानदार के व्यक्ति के रूप में याद हमेशा याद किया जाएगा।
गुर्दे संबंधी समस्या से जूझ रहे चटर्जी को हाल में गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका डायलिसिस चल रहा था। ऐसे मामलों में कई बार दिल काम करना बंद कर देता है। दो दिनों से उन्हें वेटिंलेटर पर रखा गया था। वहीं पिछले महीने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष को मस्तिष्काघात भी हुआ था।
बता दें कि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी मशहूर वकील निर्मल चंद्र चटर्जी के बेटे हैं। निर्मल चंद्र अखिल भारतीय हिंदू महासभा के अध्यक्ष भी थे। सोमनाथ चटर्जी ने सीपीएम के साथ राजनीतिक करियर की शुरुआत 1968 में की और 2008 तक इस पार्टी से जुड़े रहे। 1971 में वह पहली बार सांसद चुने गए और इसके बाद राजनीति में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। चटर्जी 10 बार लोकसभा सदस्य के रूप में चुने गए। वह 2004 से 2009 तक लोकसभा के स्पीकर रहे।
 
				 
					


