
भोपाल
भोपाल के स्टेट म्यूजियम से मंगलवार को चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। वह यहां रविवार शाम से था। सोमवार को म्यूजियम बंद रहता है। एक दिन की छुट्टी के बाद आज सुबह 10.30 बजे जब कर्मचारियों ने म्यूजिम का ताला खोला तो अंदर दो रूम में गैलरी के कांच टूटे थे। सामान गायब था।
म्यूजियम में तैनात होमगार्ड्स और प्राइवेट गार्ड्स ने सर्च शुरू की। दालान में आरोपी बेहोश पड़ा मिला। उसके पैर में चोट है। बगल में एक बड़ा बैग पड़ा था। श्यामला हिल्स थाने से भी पुलिस मौके पर पहुंच गई। बैग में 2000 साल पुराने गुप्त काल के सोने के सिक्के, ब्रिटिश काल और नवाबी काल के सोने के सिक्के पाए गए। जेवर, बर्तन और दूसरी पुरानी कीमती चीजें मिलीं।
दालान की जिस दीवार के पास आरोपी पड़ा मिला, वो करीब 23 फीट से ज्यादा ऊंची है। डीसीपी जोन 3 रियाज इकबाल के मुताबिक, ‘आरोपी दीवार फांदना चाहता होगा, इसी कोशिश में गिर गया। म्यूजियम में 50 से ज्यादा फिंगरप्रिंट्स मिले हैं। शुरुआती जांच में यही लग रहा है कि आरोपी अंदर अकेला ही था। बाहर उसका कोई साथी था या नहीं, पूछताछ करेंगे।’