एक ही महीने में दूसरी बार प्रशासनिक फेरबदल, बदले गए 23 अधिकारियों के विभाग

भोपाल। राज्य सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक सेवा में बड़ा फेरबदल किया है। शनिवार को जारी सूची में 23 अधिकारियों की बदली की गई है। सूची में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव विवेक अग्रवाल की भी बदली की गई है। जिसके बाद विवेक अग्रवाल की जगह अब आयुक्त नगरीय प्रशासन का कार्यभार जबलपुर संभागायुक्त गुलशन बामरा को सौंपा गया है।
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इसे दूसरी बड़ी सर्जरी के रुप में देखा जा रहा है। हालांकि इस नई तबादला सूची में एक बड़ा फेरबदल भी देखने को मिला है। हाल ही में पश्चिम क्षेत्र की बिजली कंपनी से हटाकर आयुक्त महिला एवं बाल विकास विभाग में पदस्थ किए गए आकाश त्रिपाठी का तबादला निरस्त कर दिया गया है। वहीं सागर संभागायुक्त आशुतोष अवस्थी अब जबलपुर संभागायुक्त की जिम्मेदारी सभालेंगे।
गौरतलब है कि इस माह की पहली तारीख को भी राज्य सरकार ने प्रशासनिक सेवा में तैनात अधिकारियों का फेदबदल किया था। जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि अब जल्द ही कोई नया फेरबदल नहीं होगा। लेकिन, शनिवार को आई नई लिस्ट के बाद लग रहा है कि प्रदेश सरकार चुनावी साल में किसी तरह की कोताही बरतने के मूड में नहीं है। इसी के चलते शनिवार को एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किये गए हैं।
 
				 
					

