
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस का गठबंधन 15 साल बाद सरकार बनाने जा रहा है। दूसरी तरफ हरियाणा में भाजपा ने रिकॉर्ड तीसरी बार सत्ता में वापसी की है। हरियाणा के गठन के बाद से अब तक कोई पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार नहीं बना सकी है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा को 240 सीटें मिली थीं, जो 2019 के चुनाव की 303 सीटों से 63 कम है। यह भाजपा के लिए बड़ा झटका था। कयास लगाए जाने लगे थे कि अब भाजपा का ग्राफ उतार पर है। हरियाणा की जीत से पार्टी को बूस्ट मिला है, जिसका असर अगले 3 महीने के भीतर होने वाले महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव में भी दिखाई दे सकता है।
महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर, 2024 और झारखंड का कार्यकाल 5 जनवरी, 2025 को खत्म हो रहा है। चुनाव आयोग दशहरे के बाद महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। 6 राज्यों की 28 सीटों पर उपचुनाव का ऐलान भी साथ में हो सकता है।
 
				 
					

